दुष्यंत पचौरी , हाथरस
हाथरस : 5 / मई / 2026 : जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कोतवाली सदर क्षेत्र के खोड़ा हजारी के सैकड़ों महिला-पुरुष एकत्रित होकर मथुरा रोड स्थित ओढ़पुरा बिजली घर पहुंच गए, जहां उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोग अपने-अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़कर साथ ले आए और बिजली अधिकारियों के समक्ष रख दिए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।

महिला-पुरुषों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर को तत्काल हटाकर प्रीपेड मीटर लगाए जाएं, ताकि उन्हें राहत मिल सके। उनका कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में बिना रिचार्ज के बिजली नहीं मिलती, और रिचार्ज कराने के बावजूद मात्र 10 दिन में ही बिजली कट जाती है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस समस्या का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है और घर की आर्थिक स्थिति पर अतिरिक्त बोझ बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












