दुष्यंत पचौरी , हाथरस
हाथरस : 6 / मई / 2026 : जनपद हाथरस पुलिस द्वारा आज दिनांक 06 मई 2026 को बाल श्रम उन्मूलन के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
इस दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद राठी अपनी टीम के साथ विभिन्न कारखानों एवं प्रतिष्ठानों, विशेष रूप से फैक्ट्री क्षेत्रों में पहुंचे और वहां निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान श्रमिकों और फैक्ट्री संचालकों को बाल श्रम के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह बताया गया कि बाल श्रम कराना कानूनन अपराध है और इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है। जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर एवं सूचना सामग्री भी चस्पा की गई। पुलिस टीम ने यह स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी बच्चे से श्रम न कराया जाए और उन्हें शिक्षा के लिए विद्यालय भेजा जाए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।

इसके अतिरिक्त, आम जनता को बाल श्रम, नशा और बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ जागरूक किया गया तथा बच्चों की शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। जनपद पुलिस द्वारा अपील की गई है कि यदि कहीं भी बाल श्रम या बच्चों के शोषण से संबंधित कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाना, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के मोबाइल नंबर 8630045899 पर सूचना दें। आइए, हम सभी मिलकर बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें और बच्चों को एक सुरक्षित एवं शिक्षित भविष्य प्रदान करें।
![]()
