जहांगीराबाद : 19 / मई / 2026 : कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राइमरी स्कूल में गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विद्यालय के हेड मास्टर पर नाबालिग छात्राओं ने अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है। हेडमास्टर की इस हरकत का पता लगने पर छात्राओं के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने विद्यालय पहुंचकर आरोपी हेडमास्टर की जमकर धुनाई की।
जानकारी के अनुसार गांव की कुछ छात्राओं ने प्राइमरी पाठशाला से कक्षा 5 की पढ़ाई पूरी करने के बाद निकटवर्ती गांव स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल में प्रवेश लिया। स्कूल बदलने के बाद छात्राओं ने अपने पुराने स्कूल की जो सच्चाई बताई उसने सबके होश उड़ा दिए छात्राओं ने अपने परिजनों को प्राइमरी स्कूल के हेडमास्टर की घिनौनी हरकतों के बारे में जानकारी दी।
छात्राओं की बात सुनकर परिजन भड़क उठे और मंगलवार की सुबह स्कूल पहुंच गए। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में ही हेडमास्टर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। हेडमास्टर की पिटाई की वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
हेडमास्टर की अश्लील हरकत का शिकार आधा दर्जन बच्चियां बताई जा रही हैं। हेडमास्टर के फरार होने के बाद गुस्साए ग्रामीण और पीड़ित बच्चियों के परिजन कोतवाली पहुंच गए, जहां उन्होंने कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बच्चियों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












