देवरिया : 19 / मई / 2026 : क्षेत्रीय विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बरहज नगर को बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने सोमवार को बरहज नगर से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली नवनिर्मित सीसी सड़क का फीता काटकर, पूजन कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया।
यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना’ के अंतर्गत लगभग ₹1.02 करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनहित के विकास कार्यों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नई सड़क बनने से बरहज क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीजल-पेट्रोल के कम उपयोग संबंधी आह्वान का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर नगर की जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए ‘रेलवे नाला दक्षिण पटरी निर्माण कार्य’ का भी शिलान्यास किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने बताया कि लगभग ₹90.98 लाख की लागत वाली इस परियोजना से बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
समारोह में भाजपा नेता नरेंद्र मिश्र, संजय सिंह, श्याम सुंदर जायसवाल, अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप, अवर अभियंता आलोक वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












