खुर्जा : 4 / जून / 2026 : बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंक्शन रोड पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ की गई इस कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार जंक्शन रोड स्थित सरस्वती स्कूल के सामने फरीद एवं अन्य लोगों द्वारा करीब 8 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां बनाई गई बाउंड्रीवॉल और सड़कों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।
इसके अलावा टैना पीर बाबा के सामने राजू नामक व्यक्ति द्वारा लगभग 6 बीघा भूमि पर बसाई जा रही अवैध कॉलोनी पर भी कार्रवाई की गई। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण और विकसित किए गए रास्तों को जमींदोज कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि बिना ले-आउट स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के किसी भी प्रकार की कॉलोनी विकसित करना नियमों के विरुद्ध है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता और स्वीकृत मानचित्र की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
केडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]()
