परिवार बाल-बाल बचा, सरकारी राशन समेत सामान मलबे में दबा; पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक मदद की लगाई गुहार
सिकंदराबाद : 27 / अगस्त / 2026 : सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव हृदयपुर में लगातार बारिश के चलते एक राशन डीलर की दुकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान दुकान के आसपास मौजूद राशन डीलर का परिवार बाल-बाल बच गया। लेंटर गिरने से दुकान में रखा सरकारी गेहूं, चावल और अन्य सामान मलबे में दब गया, जिससे राशन डीलर को काफी नुकसान होने की बात सामने आई है।

बताया गया कि बारिश के कारण दुकान और मकान की हालत पहले से ही खराब थी। इसी दौरान दुकान का लेंटर अचानक ढह गया। तेज आवाज के साथ लेंटर गिरने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि परिवार के लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर थे, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद दुकान में रखा राशन और अन्य सामान मलबे के नीचे दब गया। पीड़ित राशन डीलर ने बताया कि घटना से उसे आर्थिक रूप से काफी नुकसान हुआ है और मकान की स्थिति भी खराब है।

पीड़ित ने प्रशासन से मामले का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत दिलाने की मांग की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









