ककोड़ : 3 / सितम्बर / 2026 : केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड़ में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्र ने की, जबकि मुख्य वक्ता आचार्या पूजा वशिष्ठ रहीं। कार्यक्रम का संचालन आचार्या सोनिया गोस्वामी ने किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने भक्ति गीत, मनमोहक नृत्य और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

मुख्य वक्ता पूजा वशिष्ठ ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़ी कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं और उनके जीवन संदेशों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

विद्यालय के अध्यक्ष अशोक गुप्ता, प्रबंधक जगदीश प्रसाद ढौंडियाल, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंघल, सह व्यवस्थापक कालीचरण एवं प्रधानाचार्य मनोज कुमार मिश्र ने सभी विद्यार्थियों, आचार्य-आचार्याओं और क्षेत्रवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहनें एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया और पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









