नाले चोक होने से कई इलाकों में जलभराव, डीसीएम रोड से लेकर कबाड़ी बाजार तक हाल बेहाल; सराय अल्लो में घरों में घुसा पानी
खुर्जा/बुलंदशहर : 6 / सितम्बर / 2026 : लगातार हो रही बारिश ने खुर्जा नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था और बारिश से निपटने के दावों की पोल खोलकर रख दी है। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख मार्ग और मोहल्ले जलमग्न हो गए। जगह-जगह नाले और नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी सड़कों से होकर लोगों के घरों तक पहुंच गया। जलभराव के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया।
शहर के डीसीएम रोड, पद्म की पुलिया, गांधी मार्ग, कबाड़ी बाजार समेत कई इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। कई स्थानों पर जलभराव इतना अधिक रहा कि राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे खराब स्थिति मोहल्ला सराय अल्लो में देखने को मिली, जहां बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। घरों में पानी पहुंचने से लोगों के घरेलू सामान को नुकसान होने की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान हर बार इसी तरह की समस्या उत्पन्न होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नगर पालिका की ओर से नालों की सफाई और जलभराव से निपटने के लिए तैयारियों के दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ जाती है। कई जगह नालियों का पानी भी बारिश के पानी के साथ सड़कों पर फैल गया, जिससे लोगों को गंदे पानी के बीच से निकलने को मजबूर होना पड़ा।
लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने, चोक नालों की सफाई कराने और भविष्य में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन जलभराव की समस्या को लेकर कितनी गंभीरता से कदम उठाता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









