Home » गाजियाबाद » सैनिक बंधु बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई सुनवाई, त्वरित निस्तारण के निर्देश

सैनिक बंधु बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर हुई सुनवाई, त्वरित निस्तारण के निर्देश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद : 24 / सितम्बर / 2026 :   जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आईएन) राम प्रवेश सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण तथा उनकी समस्याओं के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के उद्देश्य से 24 सितंबर 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (नगर), गाजियाबाद द्वारा की गई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आईएन) राम प्रवेश सिंह ने उपस्थित स्टेशन मुख्यालय बाबूगढ़ छावनी, हापुड़ के एडम कमांडेंट, पुलिस विभाग से एसीपी भास्कर वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं पदाधिकारियों, जिला सैनिक बंधु समिति के सदस्यों, वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों का बैठक में उपस्थित होने पर आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी द्वारा अग्निवीर भर्ती से संबंधित शासनादेश के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के नए आदेश के अनुसार पूर्व अग्निवीरों के समायोजन के लिए सिपाही की सीधी भर्ती में 20 प्रतिशत पदों पर आरक्षण तथा निर्धारित आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट का प्रावधान किया गया है।

इसके अतिरिक्त पुलिस भर्ती में शारीरिक दक्षता संबंधी प्रावधानों में अन्य राज्यों की भांति छूट प्रदान किए जाने के संबंध में सैनिक कल्याण निदेशालय द्वारा पुलिस महानिदेशक को पत्र प्रेषित किए जाने की जानकारी भी दी गई। इसके पश्चात पूर्व में आयोजित जिला सैनिक बंधु बैठकों में प्राप्त आवेदन-पत्रों एवं लंबित प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में सार्जेंट प्रवीण कुमार के प्रकरण में खसरा संख्या 562 की भूमि के संबंध में अवगत कराया गया कि पैमाइश के उपरांत भूमि का क्षेत्रफल पूर्ण पाया गया है, जबकि खसरा संख्या 560 में वर्तमान में फसल खड़ी है। फसल कटने के उपरांत संबंधित भूमि की पुनः पैमाइश कराए जाने की कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद राजेंद्र फौगाट के प्रकरण पर चर्चा की गई।

अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मुरादनगर द्वारा प्रस्तुत आख्या में बताया गया कि संबंधित रास्ता सार्वजनिक है तथा रास्ते पर निर्मित दीवार अतिक्रमण की श्रेणी में आती है। प्रकरण में कार्रवाई करते हुए दीवार हटाकर सार्वजनिक रास्ता खोल दिया गया है।

पूर्व सैनिक महीपाल सिंह के 200 वर्ग गज के भूखंड से संबंधित प्रकरण में समिति के सचिव को आगामी बैठक में उपस्थित होने के लिए पत्र प्रेषित किए जाने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि प्रकरण की वस्तुस्थिति के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में पूर्व सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण से संबंधित प्रकरण की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में अवगत कराया गया कि अभी तक चार प्रकरणों में पुलिस सत्यापन प्राप्त हुआ है तथा शेष प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही अपेक्षित है। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

जिला सैनिक बंधु बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आईएन) राम प्रवेश सिंह ने बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों, विभागीय पदाधिकारियों, समिति सदस्यों तथा लगभग 40 पूर्व सैनिकों एवं आश्रितों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैठक में स्टेशन मुख्यालय बाबूगढ़ छावनी, हापुड़ के एडम कमांडेंट, अपर पुलिस आयुक्त, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के पवन कुमार, वरिष्ठ सहायक, रीतू सिंह, कनिष्ठ सहायक, निपुण पायला, कनिष्ठ सहायक तथा राकेश एवं पवन उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment