Home » उत्तर प्रदेश » ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

हाथरस  : 26 / सितम्बर / 2026 :  सेवा संकल्प अभियान के तहत बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने अतिथियों का स्वागत बुके एवं पौध भेंटकर किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों एवं चित्रों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, पेंटिंग, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प का अर्थ राष्ट्र और समाज के प्रति सेवा का संकल्प लेना है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुसार राष्ट्र की सेवा कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के भाषण एवं चित्रों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपने विचारों के माध्यम से बताया है कि वे भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा गीले-सूखे कूड़े को अलग रखना जैसे छोटे प्रयास भी समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, कठिन परिश्रम करने, पर्यावरण संरक्षण को दिनचर्या में शामिल करने और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सही मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने माता-पिता के साथ शिक्षकों का सम्मान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया की जानकारी रखने और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने से विद्यार्थी भविष्य में देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को विकासखंड स्तर पर प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। 2 अक्टूबर को जनपद स्तर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक कृतियों की प्रदर्शनी एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं 7 अक्टूबर को साइकिल, बाइक एवं पैदल रैली का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से आगामी कार्यक्रमों में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment