हाथरस : 26 / सितम्बर / 2026 : हाथरस थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें प्रभावी राहत उपलब्ध कराना है।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भौतिक सत्यापन और जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार समाधान कराया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित संयुक्त मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने थाना समाधान पंजिका का भी अवलोकन किया और लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









