बस्ती : 19 / अक्टूबर / 2026 : कलवारी थाना क्षेत्र में अधिवक्ता नीरज चौधरी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के लिए रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बस्ती कचहरी में वकालत करने वाले नीरज चौधरी 17 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। आरोप है कि एकता मैरिज हॉल के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने एकराय होकर उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

हमले में उनका हेलमेट टूट गया और मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए। उनके हाथ में भी फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कलवारी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 252/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामशिव पुत्र रामभवन, नंदनी पुत्री शिवपूजन, इंद्रमुखी पत्नी शिवपूजन, निवासी बरईजोत, थाना कलवारी तथा इंद्रजीत यादव पुत्र रामअचल यादव, निवासी लौवाड़ा, थाना कलवारी, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल देश दीपक सिंह, कांस्टेबल देवेंद्र निषाद और महिला कांस्टेबल नीलम यादव शामिल रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










