शिकारपुर : 23 / अक्टूबर / 2026 : शिकारपुर विकास क्षेत्र के पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय रिवाड़ा में शिक्षकों की आपसी गुटबाजी और खींचतान के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है।
विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने और शिक्षकों के बीच विवाद की शिकायतों पर बीएसए ने पूरे स्टाफ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है, जबकि प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए सहायक अध्यापक भीम प्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, विद्यालय में शिक्षकों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शिकायतें मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी से मामले की जांच कराई गई। जांच में शिक्षकों की आपसी खींचतान, निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही और शिक्षण कार्य प्रभावित होने संबंधी तथ्य सामने आए।
आरोप है कि बच्चों को पढ़ाने पर ध्यान देने के बजाय शिक्षक एक-दूसरे को नीचा दिखाने के लिए वीडियो तैयार करने में लगे थे। आपसी गुटबाजी के चलते विद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हुआ और विभागीय निर्देशों के अनुपालन में भी लापरवाही बरती गई।
बीएसए ने सहायक अध्यापक भीम प्रकाश को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के तहत निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें प्राथमिक विद्यालय खलसिया, शिकारपुर से संबद्ध किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
विद्यालय में अनुशासनहीनता और आपसी गुटबाजी के मामले में पूरे स्टाफ को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने की कार्रवाई की गई है। बीएसए वीरेन्द्र कुमार सिंह ने मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश भी दिए हैं। जांच अधिकारी को निर्धारित समय सीमा के भीतर अंतिम रिपोर्ट सौंपनी होगी।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से विभागीय स्तर पर हलचल मची हुई है। अब सबकी निगाहें विस्तृत जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। साथ ही यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कार्रवाई के बाद विद्यालय में अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था में कितना सुधार आता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









