नोएडा : 29 / अक्टूबर / 2026 : सेक्टर-65 स्थित गोपाल नमो सेवा केंद्र पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित विशेष शिविर में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री असीम अरुण ने लाभार्थियों को आयुष्मान और ई-श्रम कार्ड वितरित किए। सेवा सहयोग अभियान के आह्वान पर आयोजित एक माह तक चले 34वें विशेष शिविर के समापन अवसर पर मंत्री ने केंद्र पर किए जा रहे जनसेवा के कार्यों की सराहना की और आयोजकों को बधाई दी।

शिविर के दौरान 36 लोगों के निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा अनेक लाभार्थियों को ई-श्रम कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर मंत्री असीम अरुण और गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने लोगों को समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग, पीएम अजय, पीएम स्माइल और छात्रवृत्ति योजनाएं प्रमुख रहीं। लोगों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और उनसे जुड़ने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार के विकसित भारत के संकल्प को ध्यान में रखते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया। मंत्री और गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाना और पात्र लोगों को उनसे जोड़ना महत्वपूर्ण है, ताकि कोई भी योग्य लाभार्थी जानकारी के अभाव में सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
गोपाल कृष्ण अग्रवाल के नेतृत्व में गोपाल नमो सेवा केंद्र पिछले तीन वर्षों से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़ने का कार्य कर रहा है। केंद्र के माध्यम से अब तक 9,000 से अधिक लोग सेवाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं।
केंद्र की ओर से बताया गया कि यह सेवा आगामी दिनों में भी नियमित कार्यदिवसों पर सी-62, सेक्टर-65, नोएडा स्थित कार्यालय में जारी रहेगी। पात्र व्यक्ति केंद्र पर पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और नियमानुसार उनका निःशुल्क लाभ उठाने के लिए सहायता ले सकते हैं।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









