बुलंदशहर : 19 / अक्टूबर / 2025 : बुलंदशहर के नेशनल हाईवे-34 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ जब दादरी से हरदोई जा रही एक बस में अचानक आग लग गई। बस में सवार करीब 70 से 80 यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि बस बिना फिटनेस सर्टिफिकेट के ही सड़क पर दौड़ रही थी, जो आरटीओ विभाग की बड़ी लापरवाही है। इस हादसे में किसी भी यात्री की जान नहीं गई, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यात्रियों का आरोप है कि बस की हालत पहले से ही खराब थी और ड्राइवर ने लापरवाही से बस चलाई, जिससे यह हादसा हुआ। सवारी बिजनेश यादव ने बताया कि बस गौतमबुद्ध नगर के दादरी से आ रही थी। कुछ दूर आने के बाद बस में तेल खत्म हो गया, जिसके बाद ड्राइवर ने करीब 3 लीटर तेल डालकर बस को फिर कुछ दूरी तक चलाया। ज्यादा गर्म होने पर बस को एक ढाबे पर लगभग एक घंटे तक ठंडा किया गया। इसके बाद जब बस दोबारा चली, तो कुछ ही दूर पर उसमें अचानक तेज आग लग गई। आग लगते ही सभी यात्रियों ने शीशा तोड़कर अपनी जान बचाई। वहीं बस तेज लपटों के साथ पूरी तरह जल गई।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












