Home » बुलंदशहर » खुर्जा में भ्रष्टाचार और मुआवजे को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों किसान , तहसीलदार को हटाने की मांग

खुर्जा में भ्रष्टाचार और मुआवजे को लेकर सड़कों पर उतरे हजारों किसान , तहसीलदार को हटाने की मांग

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा : 7 / फरवरी / 2026 :   खुर्जा तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार और भूमि अधिग्रहण के मुआवजे में विसंगतियों के खिलाफ आज हजारों किसानों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले युवा पश्चिम उत्तर प्रदेश सचिव बब्बन चौधरी की अगुवाई में किसानों ने मदनपुर गांव से यात्रा शुरू की। प्रदर्शनकारी “तहसीलदार हटाओ-किसान बचाओ” और “भ्रष्टाचार मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए सैकड़ो की संख्या में ट्रैक्टरों और पैदल मार्च के साथ कालिंदी कुंज की ओर बढ़े। ​

 

किसानों का यह जत्था जब जंक्शन मार्ग स्थित पंचवटी के पास पहुँचा, तो सुरक्षा के मद्देनजर तैनात कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। प्रशासन और किसानों के बीच कई घंटों तक वार्ता का दौर चला। आखिरकार, किसान अपनी जिद पर अड़े रहे और आगे बढ़ते हुए कालिंदी कुंज पहुंचे, जहाँ उन्होंने महापंचायत शुरू कर दी। ​किसान नेता बब्बन चौधरी ने तहसीलदार खुर्जा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की है।

 

किसानों का कहना है कि तहसीलदार द्वारा क्षेत्र में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और विरोध करने वाले किसानों पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। ​सर्किल रेट में विसंगति मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख है कि जुलाई 2025 में जिले के सर्किल रेट 10 से 20 प्रतिशत बढ़ाए गए, लेकिन गंगा ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत आने वाले 46 गांवों के सर्किल रेट को जानबूझकर नहीं बढ़ाया गया।

 

किसानों ने मांग की है कि उनकी कृषि भूमि का मुआवजा बाजार मूल्य (जो कि 2880 रुपये से 12800 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक है) के आधार पर दिया जाए, जबकि वर्तमान में उन्हें बहुत कम दर (480 से 800 रुपये प्रति वर्ग मीटर) दी जा रही है। वैध कब्जों का मुद्दा प्रदर्शनकारियों ने ग्राम समाज और शत्रु संपत्ति की जमीनों पर तहसीलदार की मिलीभगत से अवैध कब्जे कराने और होली चौक जैसी धार्मिक जगहों को बिकवाने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। ​मौके पर एसडीएम सदर बुलंदशहर और सीओ सहित भारी पुलिस बल तैनात है। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता और तहसीलदार को बर्खास्त नहीं किया जाता, उनका धरना जारी रहेगा। समाचार लिखे जाने तक कालिंदी कुंज में किसानों की महापंचायत जारी थी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment