सुनील पाठक, गोरखपुर /बस्ती
गोरखपुर : 3 / मई / 2026 : कैंपियरगंज तहसील अंतर्गत टाउन एरिया पीपीगंज में सरकारी जमीन, सरकारी रास्तों और पोखरा-पोखरी पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ अब नगर पंचायत प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा ने साफ कहा है कि अवैध कब्जा करने वालों को हर हाल में जमीन खाली करनी होगी।
वार्ड नंबर 2 स्थित नेहरू क्षेत्र में (स्कूल व पशु चिकित्सालय के पास) खाली पोखरी की जमीन का सीमांकन कराते समय मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष ने कहा कि यदि कब्जाधारक स्वेच्छा से जमीन खाली कर देते हैं तो ठीक, अन्यथा प्रशासन द्वारा कार्रवाई कर कब्जा हटाया जाएगा और उसका खर्च भी कब्जाधारकों से ही वसूला जाएगा।
बताया जा रहा है कि पोखरी के किनारे एक डबल स्टोरी मकान भी बना हुआ है, जिस पर अवैध निर्माण का आरोप है। इसके अलावा नगर पंचायत के कई वार्डों में सरकारी जमीनों पर दबंगों द्वारा कब्जा कर मकान बनाए जाने की भी चर्चा है।

अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा ने कहा कि जहां-जहां ऐसे मामले सामने आएंगे, वहां जांच कराई जाएगी और अतिक्रमण हटाकर जमीन को सरकार के कब्जे में लिया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि खाली कराई गई जमीनों पर पार्किंग और कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना है, जिससे क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को रोजगार और सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान स्थानीय सभासद, लेखपाल, कानूनगो, नगर पंचायत कर्मी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

![]()
