Home » उत्तर प्रदेश » बिजली विभाग की लापरवाही बनी जानलेवा: सड़क पर गिरे पोल से टकराकर युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

बिजली विभाग की लापरवाही बनी जानलेवा: सड़क पर गिरे पोल से टकराकर युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

दुष्यंत पचौरी , हाथरस

 

 

हाथरस (सासनी) : 3 / मई / 2026 :   सासनी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क पर गिरे विद्युत पोल से टकराकर 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम छौंड़ा निवासी अनिल (30 वर्ष) पुत्र प्रताप सिंह उर्फ पप्पू फौजी शनिवार दोपहर अपनी बाइक से सासनी से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह श्रद्धा नगला गांव के पास पहुंचा, सड़क पर पहले से गिरे हुए भारी-भरकम विद्युत पोल से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनिल अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बेटों को छोड़ गया है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

ग्रामीणों का आरोप है कि गुरुवार को आई तेज आंधी में यह विद्युत पोल सड़क पर गिर गया था। इसकी सूचना तत्काल 1912 पर विद्युत विभाग को दी गई थी, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी पोल को हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।

स्थानीय निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि अगर समय रहते पोल को हटाया जाता तो यह दुर्घटना टल सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं, विद्युत विभाग के एसडीओ ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आंधी के कारण क्षेत्र में कई पोल गिर गए थे, जिन्हें बदलने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी और प्रक्रिया के चलते देरी हुई, लेकिन अब कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और जल्द ही क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment