बुगरासी : 4 / मई / 2026 : थाना गजरौला गंगा घाट पर रविवार को नहाने गए पांच युवकों में से एक युवक रवि के डूबने के बाद दूसरे दिन भी उसका शव बरामद नहीं हो सका है। प्रशासन और बचाव टीमों द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि अपने साथियों ललित, सोमवीर, दिनेश और सुरेंद्र के साथ गंगा स्नान के लिए गया था। नहाते समय सभी युवक बाहर आ गए, लेकिन रवि कुछ देर तक नदी में ही रहा। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। रवि को डूबता देख उसका भाई ललित उसे बचाने के लिए गंगा में कूद गया, लेकिन वह भी डूबने लगा।

चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ललित को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि रवि गंगा में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी स्याना रामकरन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
रविवार से ही पीएसी 41वीं वाहिनी, गाजियाबाद की टीम रवि की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

बताया जा रहा है कि कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव कुछेजा निवासी सुखवीर सिंह की बेटी ज्योति की शादी 29 अप्रैल को थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद रवि अपने साथियों के साथ गंगा स्नान के लिए गया था, जहां यह हादसा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन द्वारा तलाश अभियान लगातार जारी है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












