दुष्यंत पचौरी, हाथरस
हाथरस : 5 / मई / 2026 : सोमवार को जनपद के विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बेमौसम बारिश एवं अन्य दैवीय आपदाओं से प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए उन्हें भविष्य में कृषि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर हाथरस विधायक अंजुला माहौर, भाजपा उपाध्यक्ष बृजेश चौहान, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित एवं उप कृषि निदेशक निखिल देव तिवारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, जनपद में रबी अभियान के तहत लगभग 28,245 किसानों ने फसल बीमा योजना में पंजीकरण कराया था। इनमें से करीब 495 किसानों की शिकायतें टोल फ्री नंबर पर प्राप्त हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान 5 किसानों को सांकेतिक रूप से चेक वितरित किए गए, जबकि 10 किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने किसानों को सतत कृषि अपनाने, खाद का संतुलित उपयोग करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं विधायक अंजुला माहौर ने किसानों से अधिक से अधिक फसल बीमा कराने और मिलेट (मोटा अनाज) की खेती को अपनाने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने गौ आधारित खेती को बढ़ावा देने की बात कही और किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने के साथ-साथ भविष्य में खाद एवं बीज क्रय के लिए फॉर्मर रजिस्ट्री बनवाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()
