बुलंदशहर बार परिसर में चैंबर विवाद को लेकर फायरिंग, वकील समेत दो घायल

बुलंदशहर : 11 / मई / 2026 :  डिस्ट्रिक बार परिसर में सोमवार को चैंबर पर कब्जे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चैंबर का ताला तोड़ने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई, जिसमें वरिष्ठ अधिवक्ता इमामुद्दीन एडवोकेट और उनका एक रिश्तेदार गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद बार परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक अधिवक्ता सलीम अख्तर की पत्नी द्वारा विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद चैंबर इमामुद्दीन एडवोकेट को आवंटित कराया गया था। इसी चैंबर को लेकर सोमवार को विवाद खड़ा हो गया। आरोप है कि चैंबर का ताला तोड़ने के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला फायरिंग तक पहुंच गया।

गोली लगने से घायल इमामुद्दीन एडवोकेट और उनके रिश्तेदार को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इमामुद्दीन कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान के पिता बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे बार परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डिस्ट्रिक बार परिसर में हुई इस घटना से अधिवक्ताओं में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment