Home » बुलंदशहर » मानदेय भुगतान को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

मानदेय भुगतान को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, 21 मई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर : 12 / मई / 2026 :  मार्च और अप्रैल माह का मानदेय न मिलने से नाराज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी बुलंदशहर को संबोधित ज्ञापन एसीएमओ डॉ. सुनील कुमार को सौंपते हुए जल्द भुगतान की मांग उठाई।

संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि लगातार स्वास्थ्य सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक लंबित मानदेय का भुगतान नहीं हुआ तो 21 मई से जिलेभर के सभी एनएचएम अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना देंगे।

उन्होंने बताया कि नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के चलते बच्चों की फीस, किताबें और अन्य जरूरी खर्चों का दबाव बढ़ गया है। स्कूलों से लगातार फीस जमा कराने के फोन आ रहे हैं, जबकि कर्मचारियों की ईएमआई भी लंबित चल रही हैं। दो माह से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारी मानसिक और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।

जिला महामंत्री डॉ. तहसीन रज़ा ने कहा कि यदि समय रहते भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई से “नो पे, नो वर्क” नीति अपनाते हुए कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी संविदा कर्मचारियों से 21 मई को सुबह 10 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।

इस दौरान डीपीएम हरिप्रसाद, डॉ. परवेज, डॉ. गौतम लाल, डॉ. संजय कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. अनुराधा, डॉ. रुपेश, डॉ. प्रवीण, डॉ. रीना, डॉ. खुशी, गिरेन्द्र राणा, दीपेश भाटी, सुदेश शर्मा, आदित्य शर्मा, डॉ. उर्वशी सिंह, योगेश पुंडीर, सौरव तेवतिया, कुलदीप सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment