सड़क किनारे नग्न अवस्था में मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी

जहांगीराबाद : 23 / मई / 2026 :  जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खालौर स्टेडियम के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव नग्न अवस्था में मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला का चेहरा पूरी तरह काला पड़ा हुआ था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिन पुराना हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन और क्षेत्राधिकारी विकास प्रताप चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।

पुलिस फिलहाल महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को जहांगीराबाद-अनूपशहर रोड पर लाकर फेंका गया।

एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment