बस्ती : 9 / जून / 2026 : बस्ती जिले स्थित डीटीआई केंद्र पर संचालित रोज़ मार्टा कंपनी द्वारा 5 और 6 जून को बिना किसी पूर्व सूचना के बायोमैट्रिक एवं स्क्रूटनी कक्ष बंद किए जाने का मामला सामने आया है। इस अव्यवस्था से करीब 500 अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। ऑटो रिक्शा जन कल्याण समिति के जिला संरक्षक महेंद्र श्रीवास्तव ने कंपनी पर लापरवाही और अभ्यर्थियों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रजिस्टर्ड पत्र भेजकर जांच और क्षतिपूर्ति की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि दोनों दिनों में कंपनी ने सभी स्टाफ के कोड सीज कर उन्हें वापस भेज दिया और किसी वैकल्पिक स्टाफ की तैनाती नहीं की। इस संबंध में न तो कोई आधिकारिक सूचना जारी की गई और न ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अभ्यर्थियों को अवगत कराया गया।

समिति के अनुसार, राजस्व जमा कर स्लॉट बुक कराने पहुंचे अभ्यर्थियों और ट्रांसपोर्टरों को घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौटना पड़ा। कई अभ्यर्थियों के दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत अन्य शहरों के लिए आरक्षित रेल टिकट भी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण रद्द हो गए, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ा।
महेंद्र श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि जहां ट्रांसपोर्टरों पर मामूली देरी के लिए दंडात्मक कार्रवाई की जाती है, वहीं कंपनी की गंभीर लापरवाही पर कोई जवाबदेही तय नहीं की जा रही है। समिति ने प्रभावित अभ्यर्थियों को यात्रा व्यय, जमा राजस्व और रद्द हुए रेल टिकटों की पूरी क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।
संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जन आंदोलन और न्यायालय की शरण ली जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










