बुलंदशहर / खुर्जा : 19 / जून / 2026 : खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में एक 15 वर्षीय छात्र का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 8 में पढ़ने वाले तरुण का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि जब उसकी मां काम से लौटकर घर पहुंचीं तो बेटे को इस हालत में देखकर उनकी चीख निकल गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
परिजनों के अनुसार, तरुण के पिता का करीब एक वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। इसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसकी मां और बड़े भाई पर आ गई थी। मां घरों में काम कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं, जबकि बड़ा भाई निजी नौकरी करता है। तरुण भी समय-समय पर अपनी नानी की चाय की दुकान पर मदद करता था।
सूचना पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक कलह को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
