Home » उत्तर प्रदेश » तहसीलदार से एसडीएम बने 20 अधिकारियों को गोरखपुर में दिया गया विशेष प्रशिक्षण

तहसीलदार से एसडीएम बने 20 अधिकारियों को गोरखपुर में दिया गया विशेष प्रशिक्षण

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर : 20 / जून / 2026 :  तहसीलदार पद से पदोन्नत होकर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बने 20 अधिकारियों को प्रशासनिक दक्षता और फील्ड कार्यों की बेहतर समझ विकसित करने के उद्देश्य से गोरखपुर में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण 8 से 10 जून तक एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

जानकारी के अनुसार, सभी अधिकारी 1 मई से लखनऊ में चल रहे मुख्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हैं, जो 12 जून तक जारी रहेगा। इसी क्रम में उन्हें व्यवहारिक और क्षेत्रीय प्रशासन की बारीकियां सीखने के लिए विभिन्न जनपदों में भेजा गया था।

गोरखपुर पहुंचने पर अधिकारियों ने जिलाधिकारी दीपक मीणा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान डीएम ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं और निष्पक्ष, पारदर्शी तथा संवेदनशील प्रशासन पर जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को राजस्व प्रशासन, कानून-व्यवस्था, जनसुनवाई, आपदा प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, भूमि विवादों के निस्तारण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल प्रशासन, ऑनलाइन सेवाओं और समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने अधिकारियों को फील्ड में आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान से अवगत कराया। प्रशिक्षण में केस स्टडी के माध्यम से संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं न्यायसंगत निर्णय लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों ने इसे उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने अब लखनऊ लौटकर मुख्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के शेष सत्र में भाग लिया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment