कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन की अहम बैठक

जहांगीरपुर : 14 / जुलाई / 2026 :  आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पब्लिक इंटर कॉलेज परिसर में पुलिस-प्रशासन की ओर से बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह और जहांगीरपुर चौकी प्रभारी शिवप्रताप सिंह ने की।

बैठक में नगर एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिविर संचालकों और समाजसेवियों से कांवड़ यात्रा को सुगम बनाने के लिए सुझाव लिए गए। पुलिस अधिकारियों ने प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए सभी से सहयोग की अपील की।

अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। डीजे संचालकों को अधिकतम 12 फीट ऊंचाई का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ या सांप्रदायिक गीत न बजाने के निर्देश दिए गए।

साथ ही कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र सिंह मीणा, श्रीनिवास प्रधान, राकेश अग्रवाल, जाने आलम नूरी, नरेश ठाकुर, सीताराम शर्मा, पूर्व चेयरमैन जयप्रकाश शर्मा, हाजी फ्राईम सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

Leave a Comment