गाजियाबाद : 8 / अगस्त / 2026 : गाजियाबाद नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में की गई वृद्धि के विरोध में हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के नेतृत्व में नवयुग मार्केट में व्यापारियों का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजुओं पर काली पट्टी बांधकर बढ़ी दरों के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। धरने में बड़ी संख्या में व्यापारी, व्यापार मंडलों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

व्यापारियों का कहना है कि महंगाई, आर्थिक दबाव, विभिन्न सरकारी शुल्क और बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण व्यापारी वर्ग पहले से ही परेशान है। ऐसे में हाउस टैक्स में भारी वृद्धि से व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों और संपत्ति स्वामियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने नगर निगम से बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने और पूर्व निर्धारित दरों के आधार पर कर वसूली की मांग की।
धरने के दौरान व्यापारियों ने काली पट्टी को हाउस टैक्स वृद्धि के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध का प्रतीक बताया। समिति ने नई दरों का पुनर्मूल्यांकन कराने और व्यापारी एवं नागरिक प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की।
मांग पूरी नहीं हुई तो बढ़ेगा आंदोलन
हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस होने तक धरना जारी रहेगा। समिति ने कहा कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो शहर के अन्य बाजारों और व्यापारिक संगठनों को भी आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
तीसरे दिन आरडब्ल्यूए फेडरेशन, विभिन्न व्यापार मंडलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर व्यापारियों को समर्थन दिया। उनका कहना है कि कर वृद्धि का प्रभाव केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम नागरिकों और संपत्ति स्वामियों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा।
धरने में प्रेमचंद गुप्ता, राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, सुभाष गुप्ता, सूरज बतरा, हरविंदर गांधी, नसीम खान, विनय सिंघल, सतीश शर्मा, बिजेंद्र यादव, जाकिर कुरैशी, अभिषेक गर्ग, दिनेश गोयल, अमरीश कुमार त्यागी, प्रभाकर त्यागी, सौरभ गर्ग, पंकज भारद्वाज, सचिन शर्मा, लोकेश बंसल सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापारियों ने दो टूक कहा कि बढ़ी हुई हाउस टैक्स दरें वापस होने तक उनका शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









