Home » बुलंदशहर » डाक कांवड़ लेकर लौट रहे सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल

डाक कांवड़ लेकर लौट रहे सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत, साथी घायल

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा/बुलंदशहर : 12 / अगस्त / 2026 :  हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर गांव लौट रहे भारतीय सेना के जवान एवं राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी अमन सोलंकी (22) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनका साथी हिरदेश तोमर (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नजीबाबाद के मंडावली थाना क्षेत्र में मोटा महादेव मंदिर बाईपास के पास 10 अगस्त को हुई।

बताया गया कि अमन सोलंकी और हिरदेश तोमर बाइक से हरिद्वार से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए डीजे लगे पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अमन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल हिरदेश का उपचार चल रहा है।

अमन सोलंकी खुर्जा नगर क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर बुढ़ेना के निवासी थे और भारतीय सेना की 15 ग्रेनेडियर्स रेजीमेंट में अलवर, राजस्थान में तैनात थे। वर्ष 2024 में खेल कोटे से सेना में भर्ती हुए अमन राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी भी थे। हिसार में आयोजित खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद वह छुट्टी लेकर डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गए थे।

मेरठ स्थित आर्मी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद अमन का पार्थिव शरीर सैन्य वाहन से उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया। शव पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने देशभक्ति के नारों के साथ जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

अमन के पिता प्रेमपाल सिंह किसान और पूर्व बीडीसी सदस्य हैं, जबकि माता ममता देवी गृहणी हैं। तीन भाई-बहनों में अमन दूसरे नंबर पर थे। उनकी बड़ी बहन ज्योति विवाहित हैं और छोटा भाई इंदर सोलंकी जेएएस इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र है। अमन अविवाहित थे। जवान की असमय मौत से परिवार के साथ पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment