खुर्जा : 12 / अगस्त / 2026 : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को खुर्जा नगर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा के जिला एवं स्थानीय पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए मुस्तैदी दिखाई।

तिरंगा यात्रा को तेलियाघाट से भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, अंजना, नगर पालिका अध्यक्ष भगवान दास सिंघल, ब्लॉक प्रमुख अरनिया विजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक हरपाल सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजीव बंसल, ठाकुर सुनील सोलंकी, दिनेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, उनके प्रतिनिधि ठाकुर सत्य प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र भी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। कड़ी धूप के बावजूद छात्रों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के नारों से वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया।
हालांकि यात्रा के दौरान नेताओं की हूटर लगी गाड़ियों के काफिले के आगे बढ़ने से कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। इससे छात्रों की टोलियां और यात्रा के मुख्य वाहन के बीच दूरी बढ़ गई और यात्रा का क्रम प्रभावित हुआ। आयोजकों ने व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया।

यात्रा जेवर अड्डा चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां आयोजित कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विशेष रूप से छात्र-छात्राओं का आभार जताया। नगर महामंत्री नवीन माहौर एडवोकेट और मीडिया प्रभारी प्रियांशु बंसल ने भी सभी का धन्यवाद किया। मंच संचालन सतीश वाल्मीकि ने किया।
यात्रा के दौरान कोतवाली नगर प्रभारी रामफल सिंह, निरीक्षक राजेश कुमार सहित पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए मार्ग पर विशेष निगरानी रखी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










