शिकारपुर : 17 / नवंबर / 2026 : शिकारपुर नगर के प्रसिद्ध बर्फ चौराहे के निकट स्थित अग्रवाल धर्मशाला में वैश्य समाज का भव्य जुटान देखने को मिला। समाज की एकजुटता और संगठन को नई धार देने के उद्देश्य से आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में चुनावी सरगर्मी पूरे चरम पर रही।

भारी संख्या में मौजूद वैश्य समाज के लोगों के बीच चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें समाज के बंधुओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हाथ उठाकर सौरभ गर्ग पुत्र भगवत प्रसाद गर्ग को सर्वसम्मति से अग्रवाल वैश्य सभा का नया अध्यक्ष चुन लिया। सौरभ गर्ग के नाम की घोषणा होते ही पूरा धर्मशाला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और जयकारों से गूंज उठा। समाज के लोगों ने इसे संगठन की मजबूती की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
चुनाव सम्पन्न होने के तुरन्त बाद नवनियुक्त अध्यक्ष सौरभ गर्ग के नेतृत्व में अग्रवाल वैश्य सभा की नई और ऊर्जावान कार्यकारिणी की भी विधिवत घोषणा की गई, जिसमें युवा और अनुभवी चेहरों का शानदार तालमेल देखने को मिला। नई टीम के गठन में समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।
नवगठित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी विजय कुमार गर्ग, हिमांशु मित्तल एवं यश सिंघल को सौंपी गई, जबकि महामंत्री का दायित्व प्रिंस बंसल को दिया गया। मंत्री पद पर कपिल मित्तल, अंकुर जैन एवं मयंक गुप्ता को चुना गया, वहीं कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मनोज कुमार गर्ग को मिली। ऑडिटर पद पर पंकज सिंघल, सुनील अग्रवाल एवं जय कंसल को जिम्मेदारी दी गई, जबकि प्रचार मंत्री के रूप में बबली अन्जान को चुना गया।
बैठक में मौजूद समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सौरभ गर्ग समेत पूरी कार्यकारिणी का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और उन्हें ढेरों बधाइयां दीं। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में उम्मीद जताई कि सौरभ गर्ग की अगुवाई वाली यह नई टीम वैश्य समाज के उत्थान, व्यापारियों के हितों की रक्षा और सामाजिक विकास के कार्यों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष सौरभ गर्ग ने समाज द्वारा जताए गए इस विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपनी टीम को साथ लेकर समाज सेवा और संगठन के विस्तार के लिए दिन-रात सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। कार्यक्रम के अन्त में सभी ने समाज की एकता को सदैव बनाए रखने का संकल्प लिया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










