Home » बुलंदशहर » महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा  : 17 / नवंबर / 2026 :   महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल (द्वितीय परिसर) में दिनांक 17 नवम्बर 2026 को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग) 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार बंसल (एडो.), उपाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, प्रबन्धक कपिल अग्रवाल, उपप्रबन्धक सचिन बंसल, कोषाध्यक्ष डॉ. वकुल तायल, प्रधानाचार्य नरेन्द्र मित्तल एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। समारोह का प्रारंभ विद्यार्थियों द्वारा मलखम्ब के आकर्षक प्रस्तुतिकरण, गायन एवं शानदार नृत्य से हुआ, जिसने उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

खेलों का शुभारम्भ प्रबन्धन समिति द्वारा गुब्बारे छोड़कर एवं मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कपिल अग्रवाल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए खेलों को उनके सर्वांगीण विकास का माध्यम बताया।

प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12वीं तक के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। सामान्य दौड़, रिले दौड़, गोलाफेंक, लम्बीकूद, खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबलटेनिस व रस्साकशी जैसी स्पर्धाएँ आयोजित हुईं। सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना और समर्पण का अद्भुत परिचय दिया। आर्यभट्ट हाउस, न्यूटन हाउस, कलाम हाउस एवं कल्पना हाउस के खिलाड़ियों ने उच्च कौशल एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की।

टीम स्पर्धाओं में वॉलीबॉल बालक वर्ग में कलाम हाउस ने विजेता का खिताब जीता, जबकि न्यूटन हाउस उपविजेता रहा। कबड्डी बालक वर्ग में भी कलाम हाउस विजेता रहा और कल्पना हाउस को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। खो-खो बालिका वर्ग में कलाम हाउस विजेता रहा तथा आर्यभट्ट हाउस उपविजेता रहा। रिले रेस बालक वर्ग में आर्यभट्ट हाउस ने बाजी मारी और न्यूटन हाउस दूसरे स्थान पर रहा, वहीं रिले रेस बालिका वर्ग में न्यूटन हाउस विजेता रहा और कल्पना हाउस उपविजेता रही। रस्साकशी बालिका वर्ग में कल्पना हाउस विजेता और न्यूटन हाउस उपविजेता रहा, जबकि रस्साकशी बालक वर्ग में आर्यभट्ट हाउस विजेता और कलाम हाउस उपविजेता रहा।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में टेबलटेनिस बालक वर्ग में कल्पना हाउस की कृष्णा सैनी (11C) ने विजेता का स्थान प्राप्त किया, जबकि आर्यभट्ट हाउस के दिव्यांश आनन्द (11G) उपविजेता रहे। टेबलटेनिस बालिका वर्ग में न्यूटन हाउस की विशाखा (12F) विजेता रहीं और कलाम हाउस की शगुन तोमर (12F) उपविजेता रहीं। शतरंज बालिका वर्ग में कलाम हाउस की जिज्ञासा गुप्ता (11E) विजेता रहीं और न्यूटन हाउस की काव्या बंसल (11B) उपविजेता रहीं, वहीं शतरंज बालक वर्ग में कलाम हाउस के हर्ष सैनी (11F) विजेता रहे और आर्यभट्ट हाउस के शौर्य (12B) उपविजेता रहे।

दौड़ स्पर्धाओं में 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में कल्पना हाउस की कनिका कश्यप (12F) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और कलाम हाउस की साधना (12A) द्वितीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में कलाम हाउस की साधना (12A) विजेता रहीं और न्यूटन हाउस की नैन्सी (11C) उपविजेता रहीं। 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में आर्यभट्ट हाउस के अभय (11E) विजेता रहे और न्यूटन हाउस के रंजन (11C) उपविजेता रहे, जबकि 200 मीटर दौड़ बालक वर्ग में न्यूटन हाउस के नक्ष (11G) विजेता रहे और कल्पना हाउस के कृष्णा सैनी (11C) उपविजेता रहे।

लम्बीकूद बालक वर्ग में कल्पना हाउस के अभि रावत (11F) ने विजेता का खिताब जीता और आर्यभट्ट हाउस के अभय (11E) उपविजेता रहे। गोलाफेंक बालक वर्ग में आर्यभट्ट हाउस के तुषार (12C) विजेता रहे और कल्पना हाउस के युवराज सिंह (12E) उपविजेता रहे। भालाफेंक बालक वर्ग में भी कल्पना हाउस के अभि रावत (11F) विजेता रहे और कलाम हाउस के आयुष (11A) उपविजेता रहे।

अन्त में विद्यालय प्रबन्धन समिति द्वारा विजयी खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी भेंट की गई। प्रधानाचार्य नरेन्द्र मित्तल एवं मुख्य अध्यापिका दीप्ति अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की तथा सभी आगन्तुक अतिथियों का धन्यवाद किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment