गाजियाबाद : 17 / नवंबर / 2026 : शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो पीली धातु की झुमकियां, तीन अंगूठियां और 60 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद आभूषण चोरी के मामले से संबंधित बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को राधा कृष्णा सोसायटी निवासी विशाल गोविल ने थाना शालीमार गार्डन में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 17 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हुंडई कट, शालीमार गार्डन के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान जाकिर उर्फ जकरा (30) पुत्र साकिर निवासी ई-44 झुग्गी, न्यू सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की दो पीली धातु की झुमकियां, तीन अंगूठियां और 60 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










