गाजियाबाद : 17 / नवंबर / 2026 : गाजियाबाद जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रह जाए, इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ-साथ निजी संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी जोड़ने की पहल की है। उन्होंने शॉपिंग मॉल, होटल, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों के एसोसिएशन प्रतिनिधियों से मुलाकात कर सहयोग की अपील की है।

जिलाधिकारी ने इन संस्थानों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया है, ताकि वहां आने वाले लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, नया पंजीकरण कराने और आवश्यक संशोधन की जानकारी मिल सके। मंगलवार को जिले के सभी 3073 मतदान केंद्रों पर आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
वर्तमान में जिले में 24 लाख से अधिक मतदाता सूची में दर्ज हैं। अभियान के तहत जिलाधिकारी ने भाजपा, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराईं। उन्होंने राजनीतिक दलों से सूची का गंभीरता से अध्ययन करने और अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने की अपील की।
प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल कराना है। जिलाधिकारी ने बताया कि निजी संस्थानों में सहायता केंद्र बनने से अधिक से अधिक लोगों तक मतदाता पंजीकरण की जानकारी पहुंचेगी। मॉल, होटल, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है।
ऐसे में इन स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित होने से नागरिकों को घर के नजदीक ही मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन मिल सकेगा। प्रशासन की ओर से मीडिया से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










