Home » बुलंदशहर » जर्जर पुल टूटा, कई गांवों का संपर्क कटा; भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी

जर्जर पुल टूटा, कई गांवों का संपर्क कटा; भाकियू ने दी आंदोलन की चेतावनी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

खुर्जा  : 14 / अगस्त / 2026 :   खुर्जा तहसील क्षेत्र के गांव सारंगपुर में करीब 90 से 100 वर्ष पुराना पुल अचानक ध्वस्त हो गया। पुल टूटने से आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है। मार्ग बंद होने के कारण ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पुल के ध्वस्त होने से किसवागढ़ी, आजमाबाद, कनेनी, समसपुर और लालपुर समेत कई गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। यह मार्ग ककोड़ रोड से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक पुल लंबे समय से जर्जर हालत में था और कई बार प्रशासन से इसके पुनर्निर्माण की मांग की गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

पुल टूटने के बाद स्कूली छात्र-छात्राओं को खेतों और कच्चे रास्तों से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग जल्द बहाल नहीं हुआ तो बच्चों के साथ-साथ किसानों और अन्य लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।

पुल टूटने की सूचना पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए। किसानों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की।

भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह ने कहा कि पुल करीब एक सदी पुराना था और इससे कई गांवों के लोगों का आवागमन जुड़ा हुआ था। संगठन की ओर से जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग और नहर विभाग के अधिकारियों से कई बार पुल के पुनर्निर्माण की मांग की जा चुकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास जलभराव और बंबे में पानी छोड़े जाने के कारण पुल की स्थिति और खराब हुई, जिसके चलते यह ध्वस्त हुआ। किसानों ने संबंधित विभागों से मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भाकियू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो संगठन ग्रामीणों के साथ आंदोलन करेगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment