जहांगीराबाद : 14 / अगस्त / 2026 : रघुवर दयाल प्रभु दयाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को हरियाली तीज पर्व के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कनिष्ठ वर्ग की छात्राओं के लिए आभूषण प्रतियोगिता तथा वरिष्ठ वर्ग की छात्राओं के लिए केश सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

हरियाली तीज भारत का प्रसिद्ध एवं पवित्र पर्व है। इस पर्व पर महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती के अटूट प्रेम को आदर्श मानते हुए अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। इसी परंपरा और भारतीय संस्कृति को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
आभूषण प्रतियोगिता में डॉली, इशू, अंजलि, सुरभि, रिमशा, दीपिका, हिमांशी, माही और डिम्पल विजयी रहीं। वहीं वरिष्ठ वर्ग की केश सज्जा प्रतियोगिता में शिवानी, मनताशा, रूबी और हुरिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शीनू चौधरी ने छात्राओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीज केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, प्रेम और आपसी मेलजोल का पर्व है।
आधुनिक भागदौड़ के समय में ऐसे पर्व परिवार और समाज को एक साथ जोड़ने के साथ ही प्राचीन परंपराओं को जीवित रखने का अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर प्रबंधक गिरीश गर्ग, निदेशक शरद अग्रवाल और संयोजक कुलदीप गर्ग ने भी छात्राओं एवं प्राध्यापिकाओं को हरियाली तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन के दौरान महाविद्यालय का वातावरण उत्साह और उल्लास से भरा रहा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










