बुलंदशहर : 18 / अगस्त / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर रिठौरी निवासी महिला ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, अभद्रता और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता बाला पत्नी भूपेंद्र सिंह के अनुसार, कुछ दिन पूर्व जमीन पर कब्जे को लेकर गांव के कुछ दबंग लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले में 2 अगस्त 2026 को चोला थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे बाला और उसकी ननद घर में मौजूद थीं। इसी दौरान रंजिश के चलते करीब एक दर्जन लोग कथित रूप से घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ मारपीट करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ अभद्रता की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने और पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। चोला थाना प्रभारी दिग्विजय नाथ साही ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










