चोला : 26 / अगस्त / 2026 : नैथला स्थित एस.बी. हाई स्कूल में बुधवार को विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रबंधक पवन कुमार शर्मा के निर्देशन एवं प्रधानाचार्य नरेश कुमार के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मोनिका सिंह, प्रियंका शर्मा, शिखा शर्मा एवं गुनगुन शर्मा का विशेष सहयोग रहा।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्रियों का प्रयोग कर आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं। अपनी-अपनी कक्षाओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और रचनात्मकता का परिचय दिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में प्रत्येक कक्षा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों को उनकी प्रतिभा और मेहनत के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही आगामी वार्षिक समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










