ककोड़ : 26 / अगस्त / 2026 : झाझर चौकी पुलिस ने गश्त के दौरान सट्टा खिलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे की पर्चियां, कागज, पेंसिल और नगदी बरामद करने का दावा किया है। मामले में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि झाझर चौकी प्रभारी लोकेंद्र चौधरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को एयरोसिटी कॉलोनी के पास एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से सट्टे के लिए लोगों को आवाज लगाते हुए देखा गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति वहां से सट्टे की पर्ची लेकर चला गया।

पुलिस ने मौके पर मौजूद युवक को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें नंबर लिखी सट्टे की पर्चियां, कागज, पेंसिल और नगदी बरामद हुई।
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी की पहचान शाकिर पुत्र बदलू निवासी कस्बा झाझर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 13-जी जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में झाझर चौकी प्रभारी लोकेंद्र चौधरी, हेड कांस्टेबल अमीर आलम, कांस्टेबल जयंती प्रसाद और कांस्टेबल तेज प्रताप शामिल रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










