ककोड़ : 26 / अगस्त / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव रोनी सलोनी में खेत में ट्रैक्टर घुसाने का विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक आरोपी ने उस पर तमंचा तान दिया, जिसके बाद उसने और उसकी पत्नी ने पड़ोसी के खेत में जाकर अपनी जान बचाई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव रोनी सलोनी निवासी मनोज पुत्र स्वर्गीय इतवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। आरोप है कि 20 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही योगेश, मोंटी, कृष्ण शर्मा और पंकज ट्रैक्टर लेकर उसके बोए हुए खेत में पहुंच गए।
मनोज के अनुसार खेत में ट्रैक्टर ले जाने का विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी देने के साथ जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि योगेश ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से उसकी ओर तान दिया।
जान का खतरा देखते हुए मनोज और उसकी पत्नी ने भागकर पड़ोसी के खेत में पहुंचकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पीड़ित की मदद की।
थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि मनोज की तहरीर के आधार पर योगेश, मोंटी, कृष्ण शर्मा और पंकज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










