Home » बुलंदशहर » पूर्व राज्यमंत्री एवं शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

पूर्व राज्यमंत्री एवं शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा पंचतत्व में विलीन, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर : 3 / सितम्बर / 2026 :   भाजपा सरकार में पूर्व राज्यमंत्री एवं शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक अनिल शर्मा का अंतिम संस्कार गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनके निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस जवानों ने दिवंगत विधायक को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके बाद उनके पुत्र कुश शर्मा ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। जैसे ही पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हुआ, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। अंतिम दर्शन के लिए सुबह से ही लोगों का तांता लगा रहा।

 

इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री सुरेंद्र दिलेर, जिला पंचायत अध्यक्ष अंतुल तेवतिया, बुलंदशहर सांसद डॉ. भोला सिंह, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह, अनूपशहर विधायक संजय शर्मा, श्याना विधायक देवेंद्र लोधी और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा के प्रदेश मंत्री रहे डॉ. चंद्रमोहन सिंह समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

वहीं जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी कुमार हर्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक देहात अंतरिक्ष जैन, मुख्य विकास अधिकारी और शिकारपुर उप जिलाधिकारी प्रतीक्षा पांडे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

 

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। लोगों ने कहा कि अनिल शर्मा का निधन क्षेत्र और भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहकर क्षेत्र की जनता से जुड़ाव बनाए रखा और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

अंतिम विदाई के दौरान उमड़ी भारी भीड़ ने अनिल शर्मा के प्रति क्षेत्रवासियों के सम्मान और आत्मीय जुड़ाव को साफ तौर पर दर्शाया। गमगीन माहौल के बीच पुलिस सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई और वह पंचतत्व में विलीन हो गए।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment