बुलंदशहर : 4 / सितम्बर / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि बीमारी के दौरान गंडा-ताबीज बनवाने के बहाने आरोपी उसे जहांगीराबाद ले गया और रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया और उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर करीब एक वर्ष तक उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता के मुताबिक, 20 अगस्त की शाम आरोपी ने गांव में एक दुकान के पास उसकी सास और अन्य ग्रामीणों के सामने कथित तौर पर कहा कि उसके पास महिला का वीडियो है और वह पिछले एक साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। महिला का कहना है कि जिस स्थान पर यह बातचीत हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज से घटना से संबंधित तथ्यों की पुष्टि हो सकती है।

पीड़िता ने बताया कि मामले को लेकर चोला थाने में शिकायत देने के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी तहरीर दी गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराने का दावा किया गया है।
महिला का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और पुलिस की ओर से मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार, वह कई दिनों से थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होगी। वहीं, पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









