ककोड़/बुलंदशहर : 6 / सितम्बर / 2026 : ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सुनपेड़ा में घर में घुसकर एक दंपती के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने घर में घुसकर पति-पत्नी के साथ मारपीट की। विरोध करने पर पति के सिर में चोट पहुंचाई गई, जबकि उसकी मां के साथ भी मारपीट करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव सुनपेड़ा निवासी संजय पुत्र धर्मपाल ने ककोड़ थाने में दी तहरीर में बताया कि वह सुबह करीब 6:30 बजे अपनी पत्नी के साथ घर में पशुओं को चारा खिला रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के करीब आधा दर्जन लोग उसके घर में घुस आए और आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी पत्नी के बाल खींचे और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे घर से बाहर रास्ते पर खींचकर गिरा दिया। इसके बाद उसके साथ भी मारपीट की गई। पत्नी के साथ हो रही मारपीट का विरोध करने पर आरोपियों ने संजय के सिर पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
संजय ने यह भी आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को भी आरोपियों ने नाली में गिराकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। घटना के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









