Home » बुलंदशहर » दहेज में स्कॉर्पियो और मकान की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, घर से निकाला , एसएसपी के आदेश पर पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

दहेज में स्कॉर्पियो और मकान की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, घर से निकाला ,  एसएसपी के आदेश पर पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

ककोड़/बुलंदशहर : 6 / सितम्बर / 2026 :   दहेज में 18 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो कार और मकान की मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ कथित रूप से मारपीट और उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के आदेश के बाद ककोड़ पुलिस ने पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव रोनी सलोनी निवासी शैली राणा पुत्री चंद्रपाल सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 3 मई 2022 को दिल्ली के कोडली निवासी आकाश राघव के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति और ससुर दहेज में करीब 18 लाख रुपये की स्कॉर्पियो कार और एक मकान की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ आए दिन मारपीट और कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

पीड़िता के मुताबिक, उसने ससुराल पक्ष से कहा कि उसके पिता की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वह इतनी महंगी कार और मकान दे सकें। उसने यह भी बताया कि उसके पिता ने शादी में करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे, जो उनकी क्षमता से अधिक था। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग जारी रही।

शैली राणा ने आरोप लगाया कि उसका ससुर चंद्रभान सिंह, जो दिल्ली पुलिस में कार्यरत है, पुलिस का रौब दिखाते हुए उसे धमकाता था। वहीं सास गीता राघव और ननद प्रियंका पर भी गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता ने शिकायत में कई बार गला दबाकर जान से मारने का प्रयास करने और एक बार छत से नीचे फेंकने का भी आरोप लगाया है। हालांकि पड़ोसियों के हस्तक्षेप से उसकी जान बचने की बात कही गई है।

पीड़िता के अनुसार, 28 जनवरी 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित रूप से उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद परिजनों और समाज के लोगों के माध्यम से पंचायत कर मामले को सुलझाने के प्रयास किए गए, लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद पीड़िता ने एसएसपी के समक्ष पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।

ककोड़ थाना प्रभारी सुदेश कुमार सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर आकाश राघव, चंद्रभान सिंह, गीता राघव और प्रियंका के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment