सिद्धार्थनगर : 2 / अप्रैल / 2026 : सादड़ी खुनियाओं स्थित श्री हरिराम शर्मा पब्लिक इंटर कॉलेज में मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व वैज्ञानिक, भारत सरकार एवं एसोसिएटेड कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी टोंगा के डॉ. बेगराज सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा आवश्यक है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है कि परिवार और विद्यालय मिलकर बच्चों को संस्कारवान बनाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के व्यक्तिगत विकास, उज्ज्वल भविष्य और एक अच्छा इंसान बनने की नींव रखती है। शिक्षा से बच्चों में आत्मविश्वास, सही निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक कौशल विकसित होते हैं, जो उन्हें आत्मनिर्भर बनाते हैं।
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राजभाषा विभाग के उपनिदेशक डॉ. रघुवीर शर्मा ने कहा कि बच्चों को जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सीख देने में विद्यालयों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विद्यालय के स्टाफ को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कॉलेज के संस्थापक एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक श्री हरिराम शर्मा ने कहा कि भविष्य उन्हीं का होगा जिनके पास ज्ञान के साथ-साथ कौशल भी होगा। उन्होंने कहा कि आज केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, तकनीकी ज्ञान और समस्या समाधान जैसे गुण विकसित करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि उनका कॉलेज कौशल विकास की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. ठाकुर प्रसाद चौबे, दिल्ली ने बच्चों को अनुशासन में रहने की सलाह दी। मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. बलराम त्रिपाठी ने किया।
कॉलेज प्रबंधन के डॉ. भास्कर शर्मा ने अभिभावकों के भरोसे के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नियमित परामर्श और सही रणनीति के माध्यम से ही विद्यार्थी सफलता के मार्ग पर बने रह सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को आगामी सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में डॉ. दिनेश कुमार, संजय मौर्य, सोनू तिवारी, दिलीप कुमार, शिल्पा शर्मा, शीतल शर्मा, मनोज कुमार गौतम, शशिकांत, अन्नू त्रिपाठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












