दुष्यंत पचौरी हाथरस
हाथरस : 14 / अप्रैल / 2026 : भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. बसंत अग्रवाल, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा से करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की सफलता उसकी मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच पर निर्भर करती है।

जिलाधिकारी ने आंबेडकर जी के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. आंबेडकर के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देखा। इस मौके पर विभिन्न अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब के जीवन को प्रेरणादायक बताया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन मोनिका गौतम द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।












