बुलंदशहर : 17 / अप्रैल / 2026 : भाकियू भानु के अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह और पूर्व मंत्री मदन चौहान के बीच हुए विवाद के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हापुड़ कूच कर रहे भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं को बुलंदशहर-अलीगढ़ सीमा स्थित गभाना टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक लिया, जिसके चलते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार आगरा, टूंडला, फिरोजाबाद सहित कई जिलों से कार्यकर्ता हापुड़ की ओर जा रहे थे। जैसे ही काफिला गभाना टोल प्लाजा पहुंचा, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान किसान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

बताया जा रहा है कि हापुड़ में आयोजित एक उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ठाकुर भानु प्रताप सिंह और पूर्व मंत्री मदन चौहान के बीच कहासुनी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगे थे, जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में आक्रोश बढ़ गया।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और क्षेत्र में आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

![]()
