दुष्यंत पचौरी , हाथरस
हाथरस : 2 / मई / 2026 : जनपद में संचालित गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ विकास खण्ड हाथरस की ग्राम पंचायत कैलोरा स्थित अस्थायी गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौ आश्रय स्थल में गोवंशों के लिए उपलब्ध हरा चारा, भूसा, पेयजल, टीनशेड, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि गोवंशों के बैठने और चारा खाने के स्थान को स्वच्छ व सुरक्षित रखा जाए। साथ ही पशु चिकित्सकों की नियमित टीम भेजकर गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण कराने और बीमार पशुओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गौ आश्रय स्थल में कुल 280 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 80 नर और 200 मादा हैं। उनकी देखभाल के लिए 7 केयर टेकर तैनात हैं। स्थल पर 5 टीनशेड, 5 चरही, पानी के हॉज और समरसेबिल की व्यवस्था है तथा 147 कुंतल भूसा उपलब्ध है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंश संरक्षण कार्य पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किए जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
![]()
