Home » उत्तर प्रदेश » सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनी जनसमस्याएं, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनी जनसमस्याएं, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

दुष्यंत पचौरी, हाथरस

 

 

 

हाथरस : 2 / मई / 2026 :  सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ तहसील सिकंदराराऊ में जनसुनवाई करते हुए अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारण कराने पर जोर दिया। भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही या बार-बार एक ही शिकायत आने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए आमजन को राहत देने के लिए विशेष निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए, मटके या पानी की टंकियां रखी जाएं और प्रतिदिन स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही कार्यालय परिसरों में छायादार स्थान और बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि जनसुनवाई में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों पर पानी की टंकियों की नियमित सफाई कराई जाए और अधीनस्थ कार्यालयों में भी इन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाए, जिससे कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे।

समाधान दिवस के दौरान सिकंदराराऊ तहसील में 73 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं हाथरस तहसील में 82 में से 5, सादाबाद में 28 में से 2 तथा सासनी तहसील में 54 में से 4 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment