खुर्जा : 3 / मई / 2026 : एंटी करप्शन मूवमेंट भारत, खुर्जा के तत्वावधान में रविवार को पंचवटी कम्युनिटी हॉल, जंक्शन रोड पर वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना सिंह गौतम ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राहुल सिंह, राम दिवाकर (भाजपा नेता) एवं पंडित सुनील गौतम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों का संगठन के पदाधिकारियों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत और सम्मान किया गया।

इस अवसर पर मेरठ से पहुंचे संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उनकी टीम ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस जन आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए आगे आएं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “एंटी करप्शन मूवमेंट भारत केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जन-जागरण अभियान है। हमें ऐसा समाज बनाना है, जहां पारदर्शिता, ईमानदारी और न्याय सर्वोपरि हों। जब हर नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा होगा, तभी देश का वास्तविक विकास संभव होगा।”
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिनेश कुमार वर्मा को पुनः बुलंदशहर जिले का जिला अध्यक्ष घोषित किया, जिस पर सभी सदस्यों ने खुशी जताई। साथ ही संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सम्मान पत्र और आई-कार्ड देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला महासचिव विपिन सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष अतुल गोविल, रवि वर्मा, जिला सचिव शेखर वर्मा एवं जिला कोषाध्यक्ष बिरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सदस्य, पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
![]()
